प्रयागराज। फाफामऊ के चंदापुर स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे के मामले में पुलिस बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। मामले के मुख्य आरोपी और पूर्व सपा नेता अंसार अहमद पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के सभी सात आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अंसार अहमद की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को भी कुर्क करने की तैयारी कर रही है। इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि 23 मार्च 2026 को आदर्श कोल्ड स्टोरेज के अमोनिया गैस चैंबर में हुए भीषण विस्फोट के कारण बड़ा हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए थे।
पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार ने मामले में आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।






