लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के नए अत्याधुनिक परिसर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की नौकरशाही अब पॉलिसी पैरालिसिस की शिकार नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी गति से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व विजन देता है, लेकिन उसे जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी प्रशासनिक तंत्र की होती है।
464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 22 एकड़ में तैयार डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का नया परिसर भारत के अग्रणी स्कूल ऑफ पब्लिक लीडरशिप के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन के बाद परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीमवर्क, सकारात्मक सोच, नवाचार और निरंतर प्रशिक्षण ही सुशासन की सबसे बड़ी ताकत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपनी नकारात्मक छवि बदलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बनाया है। सुरक्षा, सुशासन, तकनीक आधारित प्रशासन और क्राउड मैनेजमेंट के क्षेत्र में प्रदेश ने नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश को कोई बीमारू राज्य नहीं कह सकता और प्रदेश लगातार छह वर्षों से रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बना हुआ है।
सीएम योगी ने मिशन कर्मयोगी के तहत आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर उत्तर प्रदेश के देश में पहले स्थान पर पहुंचने को प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यक्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के विजन डॉक्यूमेंट के लिए प्रदेशभर से 98 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, जिनके आधार पर भविष्य की विकास रणनीति तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित सुधारों ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई है। ई-पॉस मशीनों से राशन वितरण पारदर्शी हुआ है, डीबीटी के जरिए योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और गन्ना किसानों को भी अब डिजिटल व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क रखने वाला राज्य है। मेट्रो, एयरपोर्ट, रैपिड रेल और इनलैंड वॉटरवे जैसी परियोजनाएं प्रदेश की नई पहचान बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सक्षम प्रशासनिक तंत्र और बेहतर प्रशिक्षण के दम पर उत्तर प्रदेश विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बनेगा।






