जालौन। जालौन जिले की रामपुरा थाना पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, बांस का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
3 जुलाई को दर्ज हुआ था हत्या का मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को रामपुरा थाना क्षेत्र निवासी देवेन्द्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनकी 50 वर्षीय मां मीना देवी की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लला उर्फ सहदेव समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान शनिवार को रामपुरा थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
15 साल पुरानी बेइज्जती बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी रन सिंह उर्फ बसन्तू ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले मृतका मीना देवी का उसके पिता जन्ट सिंह से विवाद हुआ था। उस दौरान मीना देवी ने उसके पिता को चप्पलों से पीटा था, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस करता था और तभी से बदला लेने की ठान रखी थी।वहीं दूसरे आरोपी लला उर्फ सहदेव ने बताया कि उसकी पुत्री और मृतका की पुत्री के ससुराल पक्ष के बीच पारिवारिक संबंध थे। मृतका की पुत्री के ससुराल पक्ष से जुड़े एक पुराने वैवाहिक विवाद को लेकर मुकदमा चल रहा था, जिसके चलते उसके मन में भी मीना देवी के प्रति रंजिश थी।
सोते समय किया हमला
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 1 और 2 जुलाई की मध्यरात्रि उन्होंने सो रही मीना देवी पर हमला किया। लला उर्फ सहदेव ने बांस के डंडे से और रन सिंह उर्फ बसन्तू ने कुल्हाड़ी के मूंदे हिस्से से सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वारदात के बाद दोनों आरोपी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और बांस का डंडा नदी किनारे झाड़ियों में फेंक आए। उन्होंने घटना के समय पहने गए कपड़े भी वहीं छिपा दिए और नहाकर अपने-अपने घर लौट गए ताकि किसी को उन पर शक न हो।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी लला उर्फ सहदेव और रन सिंह उर्फ बसन्तू, ग्राम जायघा, थाना रामपुरा, जनपद जालौन के निवासी हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, बांस का डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।






