मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कई जिलों में लूट, छिनैती और चोरी की वारदातों में वांछित अंतर्जनपदीय बदमाश नीतीश यादव घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी विनोद सोनकर गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर मंदिर के पास पुलिस को सूचना मिली थी कि दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नीतीश यादव के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी विनोद सोनकर मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आजमगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर मऊ समेत कई जनपदों के विभिन्न थानों में लूट, छिनैती और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






