उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना का शुभारंभ करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की शुरुआत की तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वह पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा और शोध, नवाचार व रचनात्मक सोच को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य आधुनिक तकनीकों से जुड़े पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के साथ खुद को तैयार करने, नवाचार अपनाने और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में लागू सख्त नकल विरोधी कानून का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और पिछले पांच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक काटकर इस उपलब्धि का उत्सव भी मनाया गया।






