हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हरिद्वार स्थित प्रेम नगर आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने मुरारी बापू की रामकथा में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता के मामले और प्रदेश में मानसून की तैयारियों को लेकर मीडिया से विस्तार से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बीकेटीसी में चढ़ावे को लेकर सामने आई गड़बड़ियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर और अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के पवित्र मंदिरों में इस प्रकार की अनियमितता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए विशेष समिति का गठन कर दिया गया है, जबकि पुलिस भी एफआईआर दर्ज कर प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर चुकी है। सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मंदिर प्रबंधन व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदेश में मानसून की स्थिति पर मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो चुका है और मौसम विभाग ने अगले 10 दिनों के लिए कई जनपदों में हाई अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है तथा आपदा प्रबंधन, पुलिस और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य किया जा सके।






