चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के दूसरे दिन भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पवित्र कामदगिरि परिक्रमा की। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान पूरा परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं के “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
बरहा हनुमान मंदिर से शुरू की परिक्रमा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत बरहा हनुमान मंदिर से की। इसके बाद उन्होंने रघुवर किशोर मंदिर, प्रथम मुखारविंद, भारत मिलाप मंदिर सहित कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर स्थित विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया।कामदगिरि महाआरती स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान कामतानाथ की विशेष महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं ने मुख्यमंत्री को रामनामी अंगवस्त्र एवं भगवान कामतानाथ का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
बच्चों से मिले मुख्यमंत्री, बांटी ट्रॉफी और चॉकलेट

परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री योगी का सहज और आत्मीय स्वरूप भी देखने को मिला। उन्होंने मार्ग में मौजूद बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने बच्चों को ट्रॉफी और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कई बच्चों को उन्होंने स्नेहपूर्वक गोद में उठाकर आशीर्वाद दिया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बंदरों और गौवंश को खिलाया चना-गुड़

मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग में बंदरों और गौवंश को चना एवं गुड़ खिलाकर जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का संदेश भी दिया। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना की।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

कामदगिरि परिक्रमा पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के पर्यावरण संरक्षण अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत हरिशंकरी का पौधा रोपित किया।मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर बल दिया।
पार्टी पदाधिकारियों से की मुलाकात

चित्रकूट प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बांदा के लिए हुए रवाना
चित्रकूट दौरे के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बांदा के लिए रवाना हुए। प्रस्थान से पूर्व उन्हें प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।ये रहे मौजूद मुख्यमंत्री के साथ लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार, डीआईजी राजेश एस., जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल सहित जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा तथा उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।






