जालौन, 25 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन जिले को 1,275 करोड़ रुपये की 375 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उरई के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट, चेक और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जालौन और बुंदेलखंड के पिछड़ेपन, सूखे और पलायन के लिए पिछली सरकारें जिम्मेदार हैं। जिन लोगों के कार्यकाल में जालौन दस्यु प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, वही लोग आज घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यमुना, बेतवा और पहूज जैसी नदियों की त्रिवेणी वाले इस क्षेत्र को आखिर विकास से क्यों वंचित रखा गया, यह सवाल जनता को पिछली सरकारों से पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को अभाव और सूखे के कारण पलायन के लिए मजबूर करने वाले लोग ही आज युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास की नई दिशा तय हुई है और बुंदेलखंड भी अब अपनी पुरानी पहचान से बाहर निकलकर विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में बीडा के रूप में बड़े औद्योगिक क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है। इसकी कनेक्टिविटी में जालौन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और फोरलेन सड़कों ने जिले की तस्वीर बदलने का काम किया है। अब जालौन की पहचान बीहड़ और दस्यु प्रभावित क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि विकास, उद्योग और नई संभावनाओं के केंद्र के रूप में बन रही है।
सीएम योगी ने कहा कि जालौन के कालपी में तैयार होने वाला पारंपरिक हस्तनिर्मित कागज अब स्थानीय पहचान से निकलकर वैश्विक बाजार तक पहुंच चुका है। जीआई टैग मिलने के बाद कालपी के कागज की पहचान और बाजार दोनों का विस्तार हुआ है। आज इसकी मांग ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान जैसे देशों में भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कालपी का हस्तनिर्मित कागज और जालौन की विश्व प्रसिद्ध मटर जिले को देश-दुनिया में अलग पहचान दिला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जालौन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वेदव्यास की जन्मभूमि और तपोभूमि के रूप में यह क्षेत्र गौरवशाली इतिहास रखता है। कोंच की रामलीला ने लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और नाना साहेब पेशवा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का भी जिक्र किया।
सपा सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में बुंदेलखंड के संसाधनों का माफिया ने जमकर दोहन किया और विकास के नाम पर वसूली का खेल चलता था। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के विकास के लिए आने वाला पैसा सैफई में फिल्मी कार्यक्रमों पर खर्च किया जाता था, जबकि आज वही धन फोरलेन कनेक्टिविटी, युवाओं के रोजगार और किसानों के हित में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबों को राशन, पेंशन, आयुष्मान भारत और रसोई गैस जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कानून-व्यवस्था पर सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों और माफिया के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। संगठित अपराध में शामिल माफिया की 600 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की गई हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां सुरक्षित माहौल में स्कूल जा रही हैं और व्यापारी बिना भय के अपना कारोबार कर रहे हैं। किसी बेटी से छेड़छाड़ या व्यापारी का उत्पीड़न करने वाले अपराधी के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन में सड़क, पेयजल और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। गोहन-माधौगढ़ से मध्य प्रदेश सीमा तक जिला मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। बंगरा-जगम्मनपुर मार्ग से मध्य प्रदेश सीमा तक टू-लेन सड़क का निर्माण भी पूरा हो गया है। इसके अलावा एट-बंगरा-बीकेपुर और कालपी-मदारीपुर संपर्क मार्ग भी तैयार हो चुके हैं। हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए उरई नगर क्षेत्र सहित विभिन्न ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
रोजगार और औद्योगिक विकास को लेकर सीएम योगी ने कहा कि झांसी और चित्रकूट में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर का लाभ जालौन को भी मिलेगा। जालौन से बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होने के साथ 56 हजार एकड़ में फ्यूचर रेडी इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने जालौन में डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित करने की संभावना भी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के दौर में डेटा सेंटर महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा है। इसके अलावा चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे का काम भी तेजी से चल रहा है और बुंदेलखंड के सभी सात जिलों को यूपी एग्रीज योजना में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, कन्या सुमंगला योजना, कृषि यंत्र, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, कुक्कुट योजना, एआईएफ और आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को चेक, प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए।






