देहरादून। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर प्रदेशवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। देहरादून में उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को सुरक्षित रखना सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि वे प्रदेश के प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश और दुनिया से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं का स्वागत करता है, लेकिन सभी की जिम्मेदारी है कि देवभूमि की स्वच्छता और पर्यावरण को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचे। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना जरूरी है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और स्वयंसेवी संगठनों को साथ लेकर प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के लिए अभियान चला रही है। सरकार का प्रयास है कि स्वच्छ भारत अभियान की तर्ज पर प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड की मुहिम को भी व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी को मजबूत कर ही उत्तराखंड को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल राज्य बनाया जा सकता है।






