Home Cricket अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, भावुक वीडियो में छलके...

अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, भावुक वीडियो में छलके आंसू

40
0

भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज़ अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। वीडियो में रहाणे अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वह इस खूबसूरत सफर को विराम दें। रहाणे ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी खेलते नज़र नहीं आएंगे। पिछले दो सीज़न में वह कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी कर चुके हैं।

अपने संदेश में रहाणे ने कहा, “हर चीज़ का एक सही समय होता है। मुझे लगता है कि अब मेरे संन्यास का सही समय आ गया है। मैंने इस खेल को अपना शत-प्रतिशत दिया है।” उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन अपने सभी कोच, साथी खिलाड़ियों और IPL फ्रेंचाइजियों का आभार जताया। साथ ही पत्नी और परिवार का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि हर मुश्किल दौर में उनका परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा।

अजिंक्य रहाणे भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ों में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम ने 4 मुकाबले जीते और 2 ड्रॉ खेले। उनकी कप्तानी में भारत ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरज़मीं पर हराकर ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिसे भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार अभियानों में से एक माना जाता है।

रहाणे ने वर्ष 2011 में वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, जबकि 2013 में टेस्ट डेब्यू किया। उन्होंने अपने करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 5,077 रन और 12 शतक, वनडे में 2,962 रन और 3 शतक, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में 375 रन दर्ज हैं। शांत स्वभाव, संयमित बल्लेबाज़ी और शानदार नेतृत्व क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले अजिंक्य रहाणे का नाम भारतीय क्रिकेट के सफल खिलाड़ियों में हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here