Home Uttar Pradesh आलम बदी के निधन पर सीएम योगी ने जताया शोक, बोले- जनता...

आलम बदी के निधन पर सीएम योगी ने जताया शोक, बोले- जनता के प्रति समर्पण हो तो उम्र मायने नहीं रखती

13
0

लखनऊ, 3 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य और निजामाबाद से समाजवादी पार्टी के विधायक रहे आलम बदी के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी आलम बदी की राजनीतिक सक्रियता और जनता के प्रति उनका समर्पण सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक था।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आलम बदी का लगातार निर्वाचित होना इस बात का प्रमाण है कि यदि कोई जनप्रतिनिधि जनता और अपने क्षेत्र के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहे तो उम्र कोई मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा कि आलम बदी सरल, विनम्र और जनसामान्य से जुड़े लोकप्रिय नेता थे। उत्तर प्रदेश की राजनीति में वे अपनी सादगी और बेदाग छवि के लिए जाने जाते थे।

90 वर्ष से अधिक की उम्र में भी रहे सक्रिय

मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि आलम बदी का निधन 23 जुलाई को हुआ। वे 90 वर्ष से अधिक आयु के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वह वर्तमान विधानसभा के सबसे वरिष्ठ और वयोवृद्ध सदस्यों में थे। आलम बदी का जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ के बिंदवल में हुआ था। वह निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर पांच बार विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने पहली बार 1996 के मध्यावधि चुनाव में जीत हासिल की थी। इसके बाद 2002, 2012, 2017 और 2022 में भी उन्होंने विधानसभा चुनाव जीता। विधानसभा की विभिन्न समितियों में भी आलम बदी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान विधानसभा में वह आचार समिति के सदस्य थे।

गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान में थी विशेष रुचि

सीएम योगी ने कहा कि आलम बदी गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान, सामाजिक कार्यों और शिक्षा के प्रसार को लेकर विशेष रूप से सक्रिय रहे। वह अपने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लगातार विधानसभा में उठाते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवहार कुशल और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में आलम बदी ने क्षेत्र के विकास और जनता के कल्याण के लिए लंबे समय तक कार्य किया। उनके निधन से प्रदेश ने एक कुशल राजनीतिज्ञ और समाजसेवी को खो दिया है।

21 पूर्व सदस्यों के निधन पर भी जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधानसभा के सदस्य आलम बदी के साथ-साथ 21 पूर्व सदस्यों के निधन पर भी सदन में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।  मुख्यमंत्री ने सभी दिवंगत सदस्यों के योगदान को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here