Home Uttar Pradesh यूपी में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को मिली रफ्तार, UPSSSC ने दिसंबर तक...

यूपी में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को मिली रफ्तार, UPSSSC ने दिसंबर तक जारी किया परीक्षा कैलेंडर

4
0

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों के बीच उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक अगस्त से दिसंबर तक कई महत्वपूर्ण पदों के लिए मुख्य परीक्षाएं, टंकण परीक्षाएं और साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी परीक्षा की तैयारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा अथवा साक्षात्कार की निर्धारित तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है।

जारी कैलेंडर के अनुसार प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/07 की लिखित मुख्य परीक्षा 9 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तावित है। वहीं सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/08 की लिखित मुख्य परीक्षा 23 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।

इसके अलावा अनुदेशक फिटर, अनुदेशक ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) तथा अनुदेशक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम मेंटिनेंस पदों के लिए साक्षात्कार अगस्त 2026 में प्रस्तावित हैं।

1 सितंबर 2026 को आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2022)/08 एवं आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2023)/13 की हिंदी आशुलेखन एवं टंकण परीक्षा प्रस्तावित है।

वहीं 20 सितंबर को आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/09 की लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और भेषजिक (आयुर्वेदिक) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2023)/01 की लिखित परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। 27 सितंबर 2026 को वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/13 की लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त वर्ग) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/16 की लिखित परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है।

अनुदेशक मैकेनिक (डीजल इंजन) और अनुदेशक टर्नर पदों के लिए साक्षात्कार भी सितंबर में प्रस्तावित हैं। अक्टूबर 2026 में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 प्रस्तावित है। इसके अलावा अनुदेशक मशीनिस्ट पद के लिए साक्षात्कार भी अक्टूबर में आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।

22 नवंबर 2026 को प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गनाइजर मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/11 की लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी दिन हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/12 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है।

इसके बाद 29 नवंबर 2026 को गन्ना पर्यवेक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/14 की लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और मोहर्रिर मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2021)/07 की लिखित परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है।

साल के अंतिम महीने दिसंबर में भी आयोग की ओर से कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 20 दिसंबर 2026 को लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/15 की लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी दिन विधान भवन रक्षक एवं विधान भवन अग्निरक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025)/10 की लिखित परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक प्रस्तावित है। वहीं कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2023)/12 की टंकण परीक्षा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है।

UPSSSC के इस परीक्षा कैलेंडर से प्रदेश में विभिन्न सरकारी पदों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं की तारीखों की स्पष्ट जानकारी मिल गई है। इससे अभ्यर्थी अपनी तैयारी, रिवीजन और परीक्षा रणनीति को निर्धारित समय के अनुसार व्यवस्थित कर सकेंगे।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों पर नजर बनाए रखें, क्योंकि विशेष परिस्थितियों में निर्धारित परीक्षा या साक्षात्कार की तिथियों में बदलाव किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here