उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक ने राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों की स्थापना पर जोर दिया। साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना की योजना से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी योजनाओं को राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन पहलों से उत्तराखंड के युवाओं को नेतृत्व विकास, प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर मिलेंगे।






