Home Uttar Pradesh हथकरघा को नई पहचान दिला रही योगी सरकार, बुनकरों का बढ़ा उत्साह

हथकरघा को नई पहचान दिला रही योगी सरकार, बुनकरों का बढ़ा उत्साह

16
0

लखनऊ, 7 अगस्त। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदेश के उत्कृष्ट बुनकरों और हस्तशिल्पकारों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न श्रेणियों में चयनित बुनकरों को पुरस्कार और चेक प्रदान किए। सम्मान पाने वाले बुनकरों और हस्तशिल्पकारों ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं और प्रयासों की सराहना की।

समारोह में सम्मानित बुनकरों ने कहा कि सरकार की ओर से मिल रहे प्रोत्साहन, आर्थिक सहायता और सम्मान से उनके काम को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि हथकरघा क्षेत्र को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से बुनकरों में अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का भरोसा मजबूत हुआ है।

योजनाओं और प्रोत्साहन से बढ़ा बुनकरों का भरोसा

वाराणसी के बनारसी साड़ी बुनकर जमालुद्दीन ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के समारोह को गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि हथकरघा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 के बाद इस क्षेत्र में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। पहली बार राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

सम्मान से बढ़ा मनोबल, काम को मिली नई ऊर्जा

सीतापुर के बुनकर अकील अहमद ने मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार आने के बाद प्रदेश में कई बदलाव हुए हैं, जिसका सकारात्मक असर बुनकरों के काम पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर माहौल मिलने से बुनकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में सक्षम हो रहे हैं।

वाराणसी के साड़ी बुनकर प्यारेलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुनकर समाज के हितों को लेकर लगातार काम कर रहे हैं। रोजगार और कारोबार को बढ़ावा देने के प्रयासों से बुनकरों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से काम को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है, जबकि पुरस्कार और सम्मान से बुनकरों का मनोबल बढ़ता है।

महिलाओं और हस्तशिल्पकारों ने भी सराहा सरकार का प्रयास

ललितपुर की मीराबाई ने समारोह में बुलाकर सम्मानित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान कारीगरों को अपने हुनर को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करता है।

इटावा की बिनाई कारीगर सोनी ने कहा कि सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसका सकारात्मक प्रभाव महिलाओं के काम और उनकी प्रगति पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मिल रहा प्रोत्साहन उनके आत्मविश्वास को मजबूत कर रहा है।

हस्तशिल्प और हथकरघा क्षेत्र को मिल रहा बढ़ावा

हाथरस के रूप किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद हस्तशिल्प और हथकरघा क्षेत्र के विकास के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए गए हैं।

टांडा के शाहनवाज अहमद गमछा, साड़ी और दुपट्टा बनाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हस्तशिल्पकारों के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों से उनके काम को मजबूती मिल रही है। राज्यस्तरीय सम्मान मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से बुनकरों में आगे बढ़ने का भरोसा मजबूत हुआ है।

सम्मान से कारीगरों में नई उम्मीद

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर आयोजित समारोह में मिले सम्मान ने प्रदेश के बुनकरों और हस्तशिल्पकारों के बीच उत्साह बढ़ाया। कारीगरों का कहना है कि सरकार की योजनाओं, आर्थिक सहायता और सम्मान से न केवल उनके काम को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि नई पीढ़ी भी पारंपरिक हुनर को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here