Home Uttar Pradesh विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है तिरंगा: सीएम योगी

विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है तिरंगा: सीएम योगी

12
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा में राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान के साथ हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा फहराते बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनका उत्साह बढ़ाया। विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री ने गुब्बारा उड़ाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया। इस दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंजता रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई देते हुए हर घर पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की सादगी, विकास, विरासत और आन-बान-शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम के मंत्र को जीवन में अपनाने और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में तिरंगा यात्रा के माध्यम से क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा रही है। भारत की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों, देश की रक्षा में बलिदान देने वाले सैनिकों और संविधान निर्माताओं को भी उन्होंने श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख किया। सीएम योगी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। काकोरी ट्रेन एक्शन की घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 1925 में इसी दिन पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी। तिरंगा यात्रा उन हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश की ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक हैं। देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य युवाओं में है। आवश्यकता है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा और उचित मंच मिले। इसी उद्देश्य के साथ देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और बलिदानियों के योगदान को समझती है। तिरंगा यात्रा में शामिल करीब 25 से 30 हजार युवाओं ने राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

सीएम योगी ने कहा कि भारत के राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति प्रत्येक नागरिक के मन में सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में रहकर देश के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना ही देश को आगे ले जाने का मार्ग है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस से पहले अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तिरंगा फहराने से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया, जिससे अब प्रत्येक भारतीय अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के प्रत्येक नागरिक के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराने का अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला अभियान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here