Home Political news 2027 के रण में बसपा का चुनावी शंखनाद, सादाबाद से अभियान शुरू...

2027 के रण में बसपा का चुनावी शंखनाद, सादाबाद से अभियान शुरू करेंगे आकाश आनंद

11
0

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी भी चुनावी मैदान में सक्रिय हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव की कमान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सौंपते हुए चुनावी अभियान को गति देने की रणनीति बनाई है। बसपा अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत हाथरस की सादाबाद विधानसभा सीट से करने जा रही है। 10 अगस्त को आकाश आनंद सादाबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से इसे 2027 विधानसभा चुनाव के लिए शुरुआती चुनावी शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है।

सादाबाद विधानसभा सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है और इसे जाटलैंड के नाम से भी जाना जाता है। बसपा ने इसी सीट से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने का फैसला किया है। पार्टी की रणनीति सादाबाद के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की है। जनसभा के दौरान डॉ. अविन शर्मा को सादाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने की घोषणा भी संभव है। बसपा में चुनाव से पहले संभावित प्रत्याशी को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी देने की परंपरा रही है। ऐसे में डॉ. अविन शर्मा की घोषणा को आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

सादाबाद सीट पर बसपा का पुराना मजबूत आधार रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की लहर के बावजूद बसपा के तत्कालीन प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय ने यहां शानदार जीत दर्ज की थी। उन्हें 91,365 वोट मिले थे। अब बसपा एक बार फिर सादाबाद में अपने पुराने सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। पार्टी की रणनीति ब्राह्मण और दलित वोटों के गठजोड़ के साथ क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की है।

मायावती द्वारा आकाश आनंद को चुनावी अभियान की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद अब उनकी सक्रियता पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। सादाबाद की जनसभा के जरिए आकाश आनंद पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को चुनावी संदेश देने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बसपा के अभियान को भी धार देने की कोशिश करेंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सादाबाद से शुरू होने वाला बसपा का यह अभियान आने वाले दिनों में पार्टी की चुनावी रणनीति और सक्रियता की दिशा तय करने में अहम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here