Home Breaking News सहारा शहर की जमीन पर बनेगा नया विधान भवन, डिजाइन होगा बेहद...

सहारा शहर की जमीन पर बनेगा नया विधान भवन, डिजाइन होगा बेहद खास

30
0

लखनऊ में बनेगा नया विधान भवन, सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर होगा निर्माण; कमल की पंखुड़ियों जैसा होगा डिजाइन

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही नया विधान भवन मिलने जा रहा है, प्रस्तावित नया विधानसभा परिसर गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित सहारा शहर की करीब 245 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा, इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को सौंपी गई है।

नए विधान भवन का डिजाइन भी बेहद खास होगा, प्रस्तावित भवन को कमल के फूल की पंखुड़ियों से प्रेरित मॉडल पर तैयार किया जा रहा है, परियोजना के लिए देश-विदेश की कई कंपनियों ने अपने डिजाइन लखनऊ विकास प्राधिकरण के सामने प्रस्तुत किए हैं, अधिकारियों के मुताबिक डिजाइन और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद कंपनी का चयन किया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

245 एकड़ में विकसित होगा पूरा विधानसभा परिसर

गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित सहारा शहर की करीब 245 एकड़ जमीन पर सिर्फ विधानसभा भवन ही नहीं बनाया जाएगा, बल्कि एक आधुनिक और समग्र विधानसभा परिसर विकसित करने की योजना है, इस परिसर में विधायकों के लिए जरूरी सुविधाओं के साथ विधानसभा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, इसके अलावा प्रशासनिक कार्यालय, बैठक कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी इसी परिसर का हिस्सा होंगी।

कमल की पंखुड़ियों से प्रेरित होगा डिजाइन

प्रस्तावित नए विधान भवन की सबसे खास बात इसका डिजाइन बताया जा रहा है। भवन को कमल की पंखुड़ियों से प्रेरित वास्तुशैली में तैयार करने की योजना है, इससे नया विधान भवन आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ अपनी अलग स्थापत्य पहचान भी बना सकेगा, परियोजना के लिए कई कंपनियों ने अपने डिजाइन प्रस्तुत किए हैं। अब इन प्रस्तावों के आधार पर उपयुक्त डिजाइन और कंपनी का चयन किया जाना है।

Also Read – संपत्ति कर बकायेदारों को योगी सरकार की बड़ी राहत, 762 नगरीय निकायों में लागू होगी OTS योजना

LDA को सौंपी गई प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी

नए विधान भवन से जुड़ी परियोजना की नोडल एजेंसी लखनऊ विकास प्राधिकरण को बनाया गया है, जमीन से जुड़े कार्यों, परियोजना की प्लानिंग और विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में LDA की प्रमुख भूमिका रहेगी, जानकारी के मुताबिक नए विधान भवन का निर्माण कार्य 2027 में शुरू होने की संभावना है, हालांकि निर्माण शुरू होने से पहले जमीन से संबंधित प्रक्रिया, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR), डिजाइन, तकनीकी स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा करना होगा।

पुराने विधानसभा भवन का भी है लंबा इतिहास

लखनऊ स्थित मौजूदा विधानसभा भवन का इतिहास भी काफी पुराना है, 15 दिसंबर 1922 को हजरतगंज क्षेत्र में विधानसभा भवन का शिलान्यास किया गया था, इस ऐतिहासिक इमारत का डिजाइन मशहूर आर्किटेक्ट हीरा सिंह और सैमुअल ने तैयार किया था, जबकि इसका निर्माण मार्टिन एंड कंपनी ने किया था, भवन के निर्माण पर उस समय करीब 21 लाख रुपये खर्च हुए थे, यह इमारत 21 फरवरी 1928 को पूरी तरह बनकर तैयार हुई थी।

क्यों महसूस हुई नए विधान भवन की जरूरत?

समय के साथ लखनऊ की आबादी और यातायात का दबाव तेजी से बढ़ा है, मौजूदा विधानसभा भवन के आसपास भी ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता गया है, विधानसभा सत्र या वीआईपी मूवमेंट के दौरान कई बार आसपास की सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, ऐसे समय में सड़कें बंद किए जाने से आसपास के चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

दूसरी ओर, मौजूदा विधानसभा भवन को बने करीब 104 वर्ष हो चुके हैं, बदलती प्रशासनिक जरूरतों, आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं को देखते हुए नए और आधुनिक विधानसभा परिसर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।

लखनऊ को मिलेगी नई पहचान

245 एकड़ में प्रस्तावित यह परियोजना पूरी होने के बाद लखनऊ में एक बड़ा आधुनिक प्रशासनिक परिसर विकसित होगा, कमल की पंखुड़ियों से प्रेरित डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं के साथ नया विधान भवन राजधानी की वास्तुकला में एक नई पहचान जोड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here