Home Uttar Pradesh गोरखपुर में विकास को मिली नई रफ्तार, CM योगी ने ग्रीन सिटी-माधोपुर...

गोरखपुर में विकास को मिली नई रफ्तार, CM योगी ने ग्रीन सिटी-माधोपुर मार्ग का किया लोकार्पण

24
0

गोरखपुर, 11 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा सड़क का लोकार्पण किया। करीब 1.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ जलनिकासी की समस्या का भी समाधान हुआ है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की श्रृंखला से गोरखपुर की तस्वीर तेजी से बदल रही है और शहर की नई पहचान बेहतर कनेक्टिविटी व सुगम आवागमन के रूप में बन रही है।

नेताजी सुभाषचंद्र नगर में एसटीपी के समीप आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर नागरिक के जीवन में सुगमता आए। गोरखपुर में लगातार हो रहे विकास कार्य इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। शहर के प्रमुख मार्गों को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है, जबकि फ्लाईओवर और ओवरब्रिज का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक बनी नई सड़क से लंबे समय से स्थानीय लोगों को आ रही आवागमन की परेशानी दूर होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय से आबादी है और कई स्कूल भी संचालित हैं। सड़क संकरी होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी और भारी वाहनों का गुजरना भी मुश्किल था। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से अब लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क के दोनों ओर ड्रेन बनाए जाने से जलनिकासी की व्यवस्था भी मजबूत हुई है, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा मार्ग गोरखपुर की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा। इस सड़क के जरिए वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर की ओर जाने वाले लोगों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने बताया कि राजघाट से हाबर्ट बंधा होते हुए माधोपुर तटबंध को फोरलेन किया जा रहा है। डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके बाद लोग डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास के जरिए कालेसर पहुंचकर लखनऊ मार्ग से जुड़ सकेंगे। वहीं नेपाल और सोनौली की तरफ जाने वाले लोगों को महेसरा होकर जाने की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर के लोगों को बेहतर सड़क, कनेक्टिविटी और यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग के ग्रीन सिटी मोड़ पर नवनिर्मित सड़क का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इसी मार्ग से जनसभा स्थल तक पहुंचते हुए सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया।

नई सड़क की सौगात मिलने से उत्साहित स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। लोकार्पण के बाद जनसभा स्थल की ओर जाते समय करीब दर्जनभर स्थानों पर लोगों ने जयकारे लगाए और पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मार्ग के किनारे दो हाथियों को भी सजाकर खड़ा किया गया था।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नागरिकों को सावन शिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here