मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संतकबीरनगर के खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों में 684 करोड़ रुपये से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने संत कबीर की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी वाणी आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही है। संत कबीर ने जाति-पाति, पाखंड और कट्टरपंथ का विरोध करते हुए समाज को सदाचार और लोककल्याण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं की बातें ही उन्हें कठघरे में खड़ा करती हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़े देश में हुए बदलाव की कहानी खुद बताते हैं। 2014 से पहले देश में 16 आईआईटी थे, जो अब 23 हो गए हैं। एम्स की संख्या सात से बढ़कर 23, मेडिकल कॉलेज 431 से बढ़कर 818 और एमबीबीएस सीटें 51,348 से बढ़कर 1,28,926 हो गई हैं। उन्होंने स्टार्टअप और यूनिकॉर्न की बढ़ती संख्या का भी उल्लेख किया।
सीएम योगी ने कहा कि देश में 56 से 60 फीसदी युवा शक्ति है और सरकार युवाओं की स्किलिंग, रोजगार और स्टार्टअप के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आईआईटी, आईआईएम, एम्स, मेडिकल कॉलेज और स्किल डेवलपमेंट सेंटर युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतकबीरनगर में लैंड बैंक तैयार होते ही विकास प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। उन्होंने क्षतिग्रस्त बैजूनाथ धाम मंदिर के विकास के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार कराने की बात भी कही। तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ प्रभावित लोगों के मुआवजे और पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी।
सीएम योगी ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में सुधार को सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब प्रदेश में बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बदलता संतकबीरनगर, बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश कर रहा है।






