जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद एक बार फिर चर्चा में है। दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं। राजा भैया के साथ उनके बेटे हैं, जबकि उनकी बेटियां अपनी मां भानवी सिंह के साथ रह रही हैं।
राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर पारिवारिक विवाद को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। राघवी ने पोस्ट में एक पुरानी तस्वीर और स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। राघवी ने अपने पोस्ट में सवाल उठाते हुए कहा कि क्या उनके दाऊ यानी पिता का प्यार पर्याप्त नहीं है कि उनकी मां से भी तीन करोड़ रुपये मांगे जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अशिंका सिंह का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनकी वजह से परिवार में विवाद बढ़ा।
राघवी ने दावा किया कि पहले उनकी मां और दाऊ के बीच विवाद खड़ा हुआ, इसके बाद बेटियां अपने पिता से दूर हो गईं और फिर भाई-बहनों के बीच भी दूरी पैदा हो गई। राघवी की इस पोस्ट के बाद राजा भैया और भानवी सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद एक बार फिर सार्वजनिक चर्चा में आ गया है।





