नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर सियासत तेज हो गई है। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को जलभराव वाले स्थल का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, लेकिन इसे लेकर अनावश्यक राजनीति नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बेहतर सड़कें, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं, लेकिन विपक्ष इन उपलब्धियों को नजरअंदाज कर केवल बारिश के बाद की तस्वीरों के जरिए राजनीति कर रहा है।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर विकास और औद्योगिक गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने जेवर को देश और दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि एक समय यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर था, लेकिन आज यहां बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे और निवेश से जुड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं।
विधायक ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में जेवर एयरपोर्ट वर्षों तक केवल चर्चाओं और कागजों तक सीमित रहा, वही लोग आज एयरपोर्ट के आसपास बारिश के पानी को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जेवर में हो रहा विकास और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर स्वीकार नहीं हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव या किसी तकनीकी कमी को सरकार और प्रशासन नजरअंदाज नहीं करेगा। अधिकारियों को मौके की स्थिति का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, लेकिन सरकार जेवर में विकास की नई इबारत लिखती रहेगी। उन्होंने कहा कि जहां भी कमी होगी, उसे दूर कराया जाएगा, लेकिन कुछ समय के जलभराव को जेवर के विकास और क्षेत्र में हो रहे बड़े बदलाव पर पर्दा डालने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।






