केदारनाथ हेली सेवा फिर शुरू होने की तैयारी, 15 सितंबर से उड़ान की उम्मीद
केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है, मानसून के चलते करीब ढाई महीने से बंद केदारनाथ हेली सेवा को दोबारा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने 15 सितंबर 2026 से हेली सेवा बहाल करने की संभावित योजना पर काम शुरू कर दिया है।
हालांकि, 15 सितंबर को सेवा शुरू होना अभी अंतिम रूप से तय नहीं है, उड़ान संचालन का फैसला मौसम, हेलिपैड की स्थिति और विमानन सुरक्षा मानकों की समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा।
14 अगस्त को होगी अहम बैठक
केदारनाथ हेली सेवा को लेकर 14 अगस्त को नई दिल्ली में अहम बैठक प्रस्तावित है, इसमें डीजीसीए, हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों और मौसम विभाग के अधिकारी शामिल होंगे, बैठक में केदारनाथ क्षेत्र के मौजूदा मौसम, हेलिपैड की स्थिति, उड़ान मार्ग और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी, इसके बाद यह तय किया जाएगा कि 15 सितंबर से हेली सेवा शुरू की जा सकती है या इसकी तारीख आगे बढ़ानी होगी।
22 अप्रैल से शुरू हुई थी हेली सेवा
इस साल केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को खुले थे, कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा भी शुरू कर दी गई थी, केदारनाथ के लिए हेली सेवा मुख्य रूप से गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से संचालित होती है, इस सीजन में इन तीनों स्थानों से आठ एविएशन कंपनियों के जरिए सेवाएं संचालित की गईं।
25 जून के बाद क्यों बंद हुई सेवा?
मानसून के दौरान केदारनाथ और आसपास का हिमालयी क्षेत्र चुनौतीपूर्ण हो जाता है, भारी बारिश, बादल, कम दृश्यता और मौसम में अचानक बदलाव के कारण हेलीकॉप्टर संचालन में जोखिम बढ़ जाता है, इसी वजह से 25 जून के बाद केदारनाथ के लिए हेली सेवा स्थगित कर दी गई थी, अब सितंबर में मानसून का प्रभाव कम होने और मौसम में सुधार की संभावना को देखते हुए सेवा बहाल करने की तैयारी की जा रही है हालांकि, पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए उड़ान शुरू करने से पहले वास्तविक मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच अहम होगी।
15 सितंबर की तारीख पर क्या होगा फैसला?
14 अगस्त की बैठक को हेली सेवा की वापसी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, इसमें हेलिपैड की तैयारियों के साथ मौसम विभाग के पूर्वानुमान और डीजीसीए के सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी, फिलहाल 15 सितंबर को संभावित शुरुआत की तारीख माना जा रहा है। अगर मौसम या सुरक्षा से जुड़ी कोई चुनौती सामने आती है तो सेवा की शुरुआत आगे भी टल सकती है।
चारधाम चार्टर सेवा भी शुरू होने की तैयारी
केदारनाथ की शटल हेली सेवा के अलावा चारधाम चार्टर्ड हेली सेवा को भी दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके जरिए श्रद्धालु हवाई मार्ग से चारों धामों की यात्रा कर सकेंगे, चार्टर सेवा को लेकर भी अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है उड़ानों की संख्या, रोजाना संचालित होने वाली शटल और खराब मौसम में उड़ान रोकने से जुड़े नियमों पर संबंधित एजेंसियों की समीक्षा के बाद फैसला लिया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए जरूरी बात
केदारनाथ हेली सेवा की संभावित शुरुआत 15 सितंबर से मानी जा रही है, लेकिन यात्रियों को टिकट या यात्रा की योजना बनाने से पहले आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए, अंतिम संचालन कार्यक्रम मौसम और सुरक्षा समीक्षा के बाद ही स्पष्ट होगा।

