बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की पूर्व बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंतू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बसपा प्रमुख मायावती ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनंत मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर किया गया है।
मायावती ने अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल लगातार गरमा रहा है। ऐसे में पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विरोधियों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहने की जरूरत है।उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के अंबेडकरवादी मिशन को आगे बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
अनंत मिश्रा मायावती सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं और बसपा के प्रमुख नेताओं में उनकी गिनती होती रही है। ऐसे समय में उनका निष्कासन पार्टी के भीतर और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

