अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की व्यवस्था को लेकर अहम बदलाव किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति ने मंदिर में सेवा दे रहे सभी अर्चकों के लिए एक समान ड्रेस कोड निर्धारित किया है। यह नई व्यवस्था 15 अगस्त 2026 से लागू होगी।
ALSO READ चुनाव से पहले मायावती का बड़ा फैसला, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अंटू मिश्रा बसपा से निष्कासित

नए नियम के तहत रामलला की सेवा करने वाले सभी पुजारी पीले यानी पीत रंग के वस्त्रों में नजर आएंगे। ट्रस्ट के इस फैसले का उद्देश्य पूजा व्यवस्था में एकरूपता, अनुशासन और धार्मिक मर्यादा को बनाए रखना है।
बिना सिले रेशमी वस्त्र पहनेंगे पुजारी
नई व्यवस्था के अनुसार गर्मी के मौसम में पुजारी पीले रंग की धोती और उत्तरीय धारण करेंगे। दोनों वस्त्र बिना सिले हुए रेशमी कपड़े के होंगे। मौसम में बदलाव के साथ कपड़ों की सामग्री में बदलाव किया जाएगा, लेकिन वस्त्रों का रंग पीला ही रहेगा। शरद और सर्दी के मौसम में अर्चकों के लिए मौसम के अनुकूल पीले रंग के ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए जाएंगे। धार्मिक समिति के अनुसार पूजा की शुचिता और परंपरा को ध्यान में रखते हुए रेशमी तथा ऊनी वस्त्रों को उपयुक्त माना गया है।

वैष्णव परंपरा के अनुरूप होगा ड्रेस कोड
मंदिर की पूजा व्यवस्था में वैष्णव परंपरा और रामानंदाचार्य संप्रदाय की मान्यताओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। गर्भगृह में श्रीरामलला की सेवा के दौरान धार्मिक मर्यादा और शास्त्रीय परंपराओं का पालन किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब सभी अर्चकों के लिए पीताम्बरी धोती और उत्तरीय को अनिवार्य किया गया है। इससे पहले प्राण प्रतिष्ठा के समय पुजारियों के लिए चौबंदी पहनने की व्यवस्था थी, जिसे अब पारंपरिक वेशभूषा के अनुरूप बदला जा रहा है।
हर महीने बदलता है पुजारियों का रोस्टर
राम मंदिर में अर्चकों की ड्यूटी का रोस्टर भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बदलता रहता है। अमावस्या और पूर्णिमा के आधार पर हर महीने रोस्टर में बदलाव किया जाता है। हालांकि, ड्यूटी में बदलाव के बावजूद सभी पुजारियों के लिए नई वेशभूषा समान रहेगी। ट्रस्ट की ओर से सभी अर्चकों के लिए ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य किया गया है। इससे मंदिर में पूजा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के सामने भी पुजारियों की एक समान पहचान बनी रहेगी।
15 अगस्त से नई वेशभूषा में दिखेंगे अर्चक
धार्मिक समिति ने पुजारियों के ड्रेस कोड में बदलाव का फैसला सर्वसम्मति से लिया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद 15 अगस्त से राम मंदिर में भगवान राम की सेवा करने वाले अर्चक पीले पारंपरिक वस्त्रों में दिखाई देंगे।ट्रस्ट के अनुसार यह बदलाव केवल पहनावे तक सीमित नहीं है, बल्कि मंदिर की पूजा-अर्चना व्यवस्था को धार्मिक परंपराओं के अनुरूप और अधिक व्यवस्थित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। नई वेशभूषा से मंदिर परिसर में एकरूपता और धार्मिक गरिमा को भी बढ़ावा मिलेगा।

