उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और संवेदनशील वातावरण तैयार करने की दिशा में योगी सरकार ने नई पहल शुरू की है। मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर शिक्षकों को जागरूक और संवेदनशील बनाने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में मास्टर ट्रेनर तैयार किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से विद्यालयों के महिला और पुरुष शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राज्य स्तर पर आयोजित दो दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में प्रत्येक जिले से तीन प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। पहले दिन 13 अगस्त को 37 जिलों के 111 प्रतिभागियों का प्रशिक्षण पूरा हुआ, जबकि शेष जिलों से आए 112 प्रतिभागियों का प्रशिक्षण 14 अगस्त को होगा। इस तरह दो दिनों में कुल 223 प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में मासिक धर्म स्वास्थ्य को केवल सैनिटरी पैड की उपलब्धता तक सीमित नहीं रखा गया है। विद्यालयों में बालिकाओं के लिए अलग और स्वच्छ टॉयलेट, पानी एवं साबुन की उपलब्धता, सुरक्षित निस्तारण व्यवस्था, गोपनीयता और जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिक्षकों को मासिक धर्म को सामान्य जैविक प्रक्रिया के रूप में समझाने, इससे जुड़े मिथकों और झिझक को दूर करने तथा बालिकाओं के साथ बिना भेदभाव और संवेदनशील व्यवहार करने के लिए तैयार किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि मासिक धर्म के कारण किसी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित न हो और विद्यालय उसके लिए सुरक्षित एवं सहयोगी स्थान बने।
यह पहल 30 जनवरी 2026 को डॉ. जया ठाकुर बनाम भारत सरकार एवं अन्य मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़े व्यापक पहलुओं पर दिए गए निर्देशों की भावना के अनुरूप विद्यालयी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण में मासिक धर्म स्वास्थ्य को बालिकाओं की गरिमा, समानता, गोपनीयता, स्वास्थ्य और शिक्षा के अधिकार से जोड़कर समझाया जा रहा है।
राज्य स्तर पर प्रशिक्षित प्रत्येक जिले के तीन मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जनपदों में सभी विद्यालयों के महिला एवं पुरुष शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण देंगे। इससे राज्य स्तर पर तैयार प्रशिक्षण सामग्री और विशेषज्ञता को सीधे विद्यालय स्तर तक पहुंचाया जाएगा। शिक्षकों को बालिकाओं की गरिमा एवं गोपनीयता बनाए रखने, संवेदनशील व्यवहार करने, आवश्यक सुविधाओं की जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर सहयोग उपलब्ध कराने के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण का एक प्रमुख उद्देश्य मासिक धर्म को लेकर समाज में मौजूद झिझक, मिथकों और भेदभाव को कम करना भी है। वैज्ञानिक एवं सहज जानकारी मिलने से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और मासिक धर्म के कारण होने वाली अनावश्यक अनुपस्थिति को कम करने में विद्यालयों की भूमिका मजबूत होगी। योगी सरकार की इस पहल में प्रशिक्षण के साथ-साथ विद्यालयों में व्यवस्थागत सुधार और जवाबदेही पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि बेटियों को शिक्षा के दौरान गरिमा, सुरक्षा और सम्मान का माहौल मिल सके।

