चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत और बचाव अभियान की कमान संभालते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। घटनास्थल पर बचाव कार्य की स्थिति देखने के बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती श्रमिकों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य, उपचार तथा हादसे के दौरान सामने आई परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी घायलों की स्थिति और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
सीएम धामी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रमिक के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। घायलों की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक की जान बेहद कीमती है और सरकार की पहली प्राथमिकता सभी श्रमिकों की सुरक्षित रिहाई है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन, पुलिस, बचाव दल और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना मिलती रहे, इसके लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं बातचीत की है। सरकार की ओर से परिजनों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और हरसंभव सहयोग देने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी परिस्थितियों और कारणों की निष्पक्ष जांच की जाएगी, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल समेत जिला प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

