रामनगरी अयोध्या में श्रद्धा और भक्ति का प्रसिद्ध सावन झूला मेला शनिवार से शुरू होने जा रहा है। 15 से 28 अगस्त तक चलने वाले झूला मेले का शुभारंभ मणिपर्वत से होगा। इस दौरान भगवान राम-सीता का झूला विहार कराया जाएगा। अयोध्याधाम के विभिन्न प्रमुख मंदिरों से 11 झांकियां शोभायात्रा के रूप में मणिपर्वत पहुंचेंगी। सावन झूला मेले को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेले को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मणिपर्वत क्षेत्र को एक जोन और पांच सेक्टर में विभाजित किया गया है, जबकि पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया है। पुलिस बल की ड्यूटी दो पालियों में लगाई जाएगी। मेले की व्यवस्थाओं के लिए नयाघाट स्थित सिंचाई डाक बंगले में मेला ड्यूटी कार्यालय बनाया गया है।
एसपी सिटी अयोध्या चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि मेले में अपर पुलिस अधीक्षक से लेकर कांस्टेबल और महिला पुलिसकर्मियों तक पर्याप्त संख्या में बल तैनात किया जा रहा है। पीएसी, आरएएफ, एटीएस कमांडो और एसडीआरएफ की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। मणिपर्वत पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
राम मंदिर के अनुष्ठान प्रभारी एवं महोत्सव के व्यवस्थापक आचार्य इंद्रदेव मिश्र ने बताया कि सुरक्षा कारणों को देखते हुए इस बार भगवान झूला बिहारी को मणिपर्वत के बजाय कुबेर नवरत्न टीला पर ले जाकर झूलन विहार कराया जाएगा। यहां पेड़ की डाल पर विशेष झूला तैयार किया गया है। इस व्यवस्था की खास बात यह होगी कि आम श्रद्धालु भी भगवान को झूला झुला सकेंगे। अयोध्या में सावन शुक्ल तृतीया से झूला मेले की शुरुआत होती है। परंपरा के अनुसार विभिन्न मंदिरों से भगवान की शोभायात्रा निकाली जाती है, जो मणिपर्वत पहुंचकर झूलोत्सव में बदल जाती है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु भगवान युगल बिहारी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।
अयोध्या में 5000 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर हैं और सावन झूला उत्सव इन मंदिरों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि, कनक भवन, राजा दशरथ महल, अशर्फी भवन, राम वल्लभा कुंज, दिव्य कला कुंज, विअहुति भवन, रंग महल, जानकी महल, राज सदन, रूप कला कुंज और मणिराम दास जी की छावनी समेत प्रमुख मंदिरों में झूलोत्सव की विशेष छटा देखने को मिलेगी।
अयोध्या में सावन झूला मेला मनाने की परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार जब रामलला करीब चार माह के हुए थे, तब सावन के महीने में माता कौशल्या सहित तीनों माताओं ने चारों भाइयों को झूले पर झुलाया और कजरी गीत सुनाए। इसी परंपरा की स्मृति में हर वर्ष सावन के दौरान अयोध्या के मठों और मंदिरों में झूलोत्सव आयोजित किया जाता है।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मणिपर्वत सहित पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था की गई है। विशेष पर्व के दिनों में जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 7 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 पुलिस उपाधीक्षक, 60 निरीक्षक, 275 उपनिरीक्षक, 150 हेड कांस्टेबल, 800 कांस्टेबल, 30 महिला उपनिरीक्षक, 25 महिला हेड कांस्टेबल और 80 महिला कांस्टेबल तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा पीएसी की 10 कंपनियां, आरएएफ की दो कंपनियां, एटीएस कमांडो की एक टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें भी तैनात रहेंगी। निगरानी के लिए दो ड्रोन कैमरों समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की गई है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि श्रावण झूला मेला श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा दोनों पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता हैं। पूरे मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि मेले के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। सावन झूला मेले के साथ अयोध्या एक बार फिर भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में रंगने को तैयार है। 15 अगस्त से शुरू होने वाला यह झूलोत्सव 28 अगस्त तक रामनगरी में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

