स्वतंत्रता दिवस पर सिग्नेचर बिल्डिंग में आयोजित हुआ समारोह, DGP बोले- स्मार्ट और इंटेलिजेंट पुलिसिंग से बदलते अपराध का करेंगे मुकाबला
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय की सिग्नेचर बिल्डिंग में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। डीजीपी राजीव कृष्ण ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
समारोह के दौरान वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदकों और सम्मानों से सम्मानित किया गया।
सेवा, सुरक्षा और सुशासन को कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया
अपने संबोधन में डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प को अपनी कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि अपराध का स्वरूप लगातार बदल रहा है, इसलिए पुलिसिंग के तौर-तरीकों में भी लगातार बदलाव जरूरी है।
उन्होंने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ स्मार्ट पुलिसिंग, प्रोडक्टिव पुलिसिंग और इंटेलिजेंट पुलिसिंग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
AI और साइबर इंटेलिजेंस से मजबूत होगी पुलिसिंग
डीजीपी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, साइबर इंटेलिजेंस, डिजिटल इन्वेस्टिगेशन और ड्रोन टेक्नोलॉजी अब भविष्य की तकनीक नहीं, बल्कि मौजूदा समय की आवश्यकता बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस इन आधुनिक तकनीकों को अपनाकर भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सक्षम पुलिस बल तैयार कर रही है।
6244 आरक्षियों के प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल

डीजीपी राजीव कृष्ण ने हाल ही में भर्ती हुए 6244 आरक्षियों के प्रशिक्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नई पीढ़ी की पुलिस फोर्स को तैयार करने के लिए सिमुलेशन आधारित अभ्यास, हाइब्रिड लर्निंग मॉडल और डिजिटल क्लासरूम जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है।
‘वंदे मातरम’ केवल गीत नहीं, भावना है

डीजीपी ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150 वर्ष की गौरवशाली यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल गाया नहीं जाता, बल्कि उसे जिया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसी पीड़ित की रक्षा करना, किसी बेटी को सुरक्षा देना और रातभर जागकर समाज को सुरक्षित रखना भी वंदे मातरम की सशक्त अभिव्यक्ति है।
डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि हर घर पर तिरंगा लहराए और हर हृदय में वंदे मातरम की भावना गूंजे।
पुलिस के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

समारोह में उत्तर प्रदेश पुलिस के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। डीजीपी ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने इस वर्ष अदम्य साहस, उत्कृष्ट सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी।
शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र

डीजीपी राजीव कृष्ण ने एसटीएफ के निरीक्षक स्वर्गीय सुनील कुमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भारत सरकार ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र से अलंकृत किया है।
अपराधियों के खिलाफ साहसिक अभियान में प्रदर्शित असाधारण वीरता के लिए उन्हें गैलंट्री मेडल से भी सम्मानित किया गया।
डीजीपी ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों को भी बधाई दी।
पुलिस परिवारों के त्याग को बताया सबसे बड़ी ताकत

समारोह के अंत में डीजीपी ने पुलिसकर्मियों के परिवारों के धैर्य, त्याग और मौन सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवारों का सहयोग पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने पूरे पुलिस परिवार को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र, संविधान और जनविश्वास की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।