Mawa Jalebi Recipe: घर पर बनाएं हलवाई जैसी कुरकुरी और रसीली मावा जलेबी
गरमा-गरम और कुरकुरी जलेबी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। खास मौकों और त्योहारों पर मिठाई के तौर पर जलेबी की खास मांग रहती है। अगर आप भी घर पर हलवाई जैसी स्वादिष्ट और रसीली मावा जलेबी बनाना चाहते हैं, तो इसे आसान तरीके से तैयार किया जा सकता है।
मावा जलेबी के लिए क्या चाहिए?
इस रेसिपी के लिए करीब 200 ग्राम मावा, 30-50 ग्राम मैदा, 300 ग्राम चीनी, 20-25 केसर के धागे, 2-3 चम्मच दूध, घी और जरूरत के अनुसार पानी की जरूरत होगी।

ऐसे तैयार करें जलेबी का घोल
सबसे पहले मैदा में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा और बिना गांठ वाला घोल तैयार करें। इसे कुछ मिनट अच्छी तरह फेंटकर करीब एक घंटे के लिए ढककर रख दें। दूसरी तरफ मावा को अच्छी तरह मसलकर उसमें दूध मिलाएं और इसे भी मुलायम होने तक तैयार करें। इसके बाद दोनों को एक साथ मिलाकर अच्छी तरह फेंटें, ताकि जलेबी का घोल स्मूद हो जाए।
केसर वाली चाशनी बनाएंगे तो बढ़ेगा स्वाद
चाशनी के लिए केसर को थोड़े पानी में भिगो दें। अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर उबालें। चीनी घुलने के बाद इसे कुछ मिनट पकाएं। तैयार चाशनी में केसर डालकर गैस बंद कर दें।

अब बारी है जलेबी तलने की
एक गहरी कढ़ाई में घी गर्म करें। तैयार घोल को जलेबी कोन, सॉस बोतल या मोटी प्लास्टिक की थैली में भरकर नीचे छोटा छेद करें। अब गर्म घी में गोल-गोल आकार देते हुए जलेबी डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें। तली हुई जलेबियों को तुरंत चाशनी में डालकर करीब दो मिनट रखें और फिर प्लेट में निकाल लें।
इन बातों का रखें ध्यान
मावा ताजा और नरम इस्तेमाल करने से घोल बेहतर बनता है। अगर घोल घी में डालते ही फैलने लगे तो उसमें थोड़ा मैदा मिलाकर दोबारा अच्छी तरह फेंट सकते हैं। जलेबी तलते समय आंच और घी का तापमान संतुलित रखना भी जरूरी है, ताकि जलेबी बाहर से कुरकुरी और अंदर से रसीली बने।
तो इस खास मौके पर बाजार से मिठाई लाने के बजाय घर पर मावा जलेबी बनाकर परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लिया जा सकता है।