उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की बिलारी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक मोहम्मद फहीम इरफान का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। कांवड़ियों के स्वागत के दौरान उन्होंने सपा सांसद डिंपल यादव को ‘पूरे देश की मां’ और ममता का प्रतीक बताया।
दरअसल, रविवार को सपा विधायक हरिद्वार से बरेली कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों का स्वागत कर रहे थे। इस दौरान उन्हें एक सपा समर्थक कांवड़िया नजर आया, जिसकी कांवड़ पर सपा का झंडा लगा था। कांवड़ पर मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और डिंपल यादव की तस्वीरें भी लगी थीं।
सपा समर्थक कांवड़िए ने बताया कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की सरकार बनने की मन्नत लेकर कांवड़ यात्रा कर रहा है। उसके मुताबिक, वह करीब साढ़े 31 लीटर गंगाजल लेकर पैदल यात्रा कर रहा है।
इसी दौरान विधायक मोहम्मद फहीम इरफान ने डिंपल यादव की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए उन्हें ‘पूरे देश की मां’ और ममता का प्रतीक बताया। उन्होंने अखिलेश यादव को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव को प्रेरणा स्रोत बताते हुए कांवड़िए के पार्टी के प्रति समर्पण की भी तारीफ की।
सपा विधायक का यह बयान अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। खासतौर पर ‘डिंपल यादव देश की मां’ वाला उनका बयान सुर्खियों में है।