उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की एक्सक्लूसिव खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी आवास पर आज अलीगढ़ के युवा नेता फिरोज आलम की पहल पर बॉलीवुड अभिनेता एजाज खान ने अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान एजाज खान ने समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ने का ऐलान किया और अखिलेश यादव से स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
लेकिन इस मुलाकात की सबसे बड़ी बात सिर्फ सपा में शामिल होना नहीं, बल्कि अखिलेश यादव को लेकर किया गया बड़ा सियासी संकल्प रहा। इस दौरान साफ शब्दों में कहा गया कि लक्ष्य अखिलेश यादव को सिर्फ उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना नहीं, बल्कि देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

मुलाकात में अखिलेश यादव के नेतृत्व, उनकी राजनीतिक सोच और विजन को लेकर भी चर्चा हुई। कहा गया कि अखिलेश यादव की सोच और नेतृत्व क्षमता मुख्यमंत्री पद तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका कहीं ज्यादा बड़ी हो सकती है।
अलीगढ़ से जुड़े युवा नेता फिरोज आलम की मौजूदगी में हुई यह मुलाकात इसलिए भी अहम है, क्योंकि इसमें फिल्मी दुनिया के चर्चित चेहरे और उत्तर प्रदेश की सियासत के बीच नया राजनीतिक कनेक्शन दिखाई दिया। एजाज खान का सपा के साथ आना पार्टी के लिए खासतौर पर युवा और सोशल मीडिया से जुड़े वर्ग में नए समीकरणों की संभावनाओं को भी जन्म देता है।
वहीं, अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प ने इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट से आगे बढ़ाकर एक बड़े राजनीतिक संदेश में बदल दिया है।अब सियासी गलियारों में चर्चा यही है? क्या 2027 के विधानसभा चुनाव की लड़ाई सिर्फ लखनऊ तक सीमित रहेगी, या समाजवादी पार्टी की नजर दिल्ली की सत्ता पर भी है?