लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ का 6.5 मिनट का पूरा वीडियो यूट्यूब पर जारी हो गया है। महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस के पोस्ट को कोट करते हुए अपने खास अंदाज में एंथम को सलाम किया। उन्होंने लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ ख़ाकी पहनकर ज़मीन पर। ख़ाकी का सितारा।”
‘खाकी का सितारा’ महज एक म्यूजिक वीडियो नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की जिम्मेदारियों, सेवा, साहस और संवेदनशीलता को सामने लाने वाली प्रस्तुति है। एंथम में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, तकनीक, आपदा एवं राहत कार्य, जनसेवा और रोजमर्रा की पुलिसिंग के अलग-अलग पहलुओं को दिखाया गया है।
इस एंथम की खासियत यह है कि इसकी शूटिंग किसी एक आयोजन या एक-दो दिन में पूरी नहीं हुई। महाकुंभ 2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग मौकों और परिस्थितियों में इसकी शूटिंग की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस के इस इन-हाउस क्रिएटिव प्रोडक्शन को तैयार करने में एक वर्ष से अधिक का समय लगा।महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन में पुलिस की व्यवस्था से लेकर त्योहारों, भीड़ प्रबंधन, आपदा और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच ड्यूटी करते पुलिसकर्मियों तक, एंथम में खाकी के कई रूप दिखाई देते हैं। वीडियो में पुलिस को केवल अपराध नियंत्रण और कार्रवाई करने वाली एजेंसी के रूप में नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में सबसे पहले पहुंचने वाली और लोगों की सुरक्षा व मदद करने वाली व्यवस्था के तौर पर भी दिखाया गया है।
महिला सुरक्षा से लेकर जनसेवा और आपदा राहत तक, वीडियो यह संदेश देता है कि पुलिस की भूमिका कानून लागू कराने के साथ-साथ जनता के भरोसे और सुरक्षा से भी जुड़ी है। वर्दी के पीछे उस पुलिसकर्मी के जीवन की झलक भी दिखाई गई है, जो परिवार से दूर रहकर हर परिस्थिति में अपनी ड्यूटी निभाता है।
‘खाकी का सितारा’ को देश के कई बड़े कलाकारों और रचनाकारों का साथ मिला है। इसमें अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन का स्वर और संगीत तथा प्रसिद्ध कवि-गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्द हैं। अभिनेता करण आनंद ने इसमें पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है। एंथम का मूल संदेश “सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” है, जो पुलिस की सेवा और जिम्मेदारी को केंद्र में रखता है।
‘खाकी का सितारा’ का औपचारिक लॉन्च 14 अगस्त को लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। कार्यक्रम में पद्मश्री शंकर महादेवन, पद्मश्री नाना पाटेकर, गीतकार आलोक श्रीवास्तव और अभिनेता करण आनंद समेत फिल्म एवं संगीत जगत से जुड़े कई कलाकार मौजूद रहे। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
लॉन्च के दौरान शंकर महादेवन ने एंथम से जुड़ने को अपने जीवन के खास अनुभवों में से एक बताया। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार को समर्पित किया। त्योहार हो या आपदा, विशाल आयोजन हो या कानून-व्यवस्था की चुनौती, ‘खाकी का सितारा’ में पुलिस की मौजूदगी और जिम्मेदारी को अलग-अलग दृश्यों के जरिए सामने लाया गया है। एंथम खाकी की सख्ती के साथ उसकी मानवीय संवेदनाओं और सेवा भाव को भी रेखांकित करता है। अमिताभ बच्चन के शब्दों में कहें तो कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं और कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। ‘खाकी का सितारा’ इसी जमीन पर चमकने वाली उस खाकी को समर्पित है, जो हर परिस्थिति में सुरक्षा, सेवा और संकल्प के साथ डटी रहती है।