लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अब करीब एक साल का समय बाकी है। चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा ने यूपी संगठन को लेकर बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, राष्ट्रीय मंत्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी और जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी का दायित्व सौंपे जाने पर हार्दिक बधाई। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के अनुभवी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को नई दिशा और नई गति मिलेगी।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए बेहद अहम राज्य है। ऐसे में नए प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति को संगठन को चुनावी मोर्चे पर और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।