रक्षाबंधन के मौके पर उन्नाव के छात्रों ने देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के छात्रों ने अपने हाथों से 200 से अधिक राखियां तैयार कीं और उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सौंपा। एक दर्जन से अधिक छात्र अपने शिक्षकों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से ये राखियां सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों तक पहुंचाने की अपील की।
छात्रों ने कहा कि देश की रक्षा के लिए जवान अपने परिवारों से दूर रहकर दिन-रात ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर भले ही वे अपने सैनिक भाइयों की कलाई पर खुद राखी न बांध सकें, लेकिन इन राखियों के जरिए उनका स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं जरूर सीमा तक पहुंचेंगी।
छात्रों की इस पहल की शिक्षकों ने भी सराहना की। शिक्षकों का कहना है कि इस तरह के प्रयास बच्चों में देशप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।