‘वंदे मातरम’ विवाद पर करण भूषण सिंह का पलटवार, इमरान मसूद पर बोले- ‘उनका काम ही मोदी का विरोध करना है’
लखनऊ: ‘वंदे मातरम’ गीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी की मानसिकता पर सवाल उठाए, साथ ही कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के ‘वंदे मातरम’ से जुड़े बयान पर भी पलटवार किया, करण भूषण सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी देशहित के मुद्दों पर सकारात्मक तरीके से बात नहीं करती, उन्होंने कहा कि अगर सरकार Gen Z को देश और समाज से जुड़ी कोई अच्छी बात बताने की कोशिश कर रही है, तो इसमें गलत क्या है?
कांग्रेस की मानसिकता पर उठाए सवाल
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की मानसिकता खराब है और वह अक्सर देशहित से जुड़े मुद्दों का विरोध करती है, उन्होंने कहा कि अगर कोई अच्छी चीज Gen Z को बताई जा रही है और सरकार युवाओं को कुछ अच्छा सिखाने का प्रयास कर रही है, तो इसमें आपत्ति की कोई वजह नहीं होनी चाहिए, Gen Z के विरोध-प्रदर्शन को लेकर भी करण भूषण सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, अगर किसी राज्य में कुछ गलत हो रहा है तो लोग वहां जाकर अपनी बात रख सकते हैं और सरकार को भी उनकी बात सुननी चाहिए, उन्होंने कहा कि सरकार पूरे देश को चलाती है और व्यवस्था में कुछ कमियां रह जाना स्वाभाविक है, ऐसे में जरूरी है कि उन कमियों पर ध्यान दिया जाए और उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाए।
इमरान मसूद के बयान पर करण भूषण का पलटवार
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के ‘वंदे मातरम’ नहीं गाने से जुड़े बयान पर करण भूषण सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी मानसिकता और सोच होती है, उन्होंने संसद में वंदे मातरम गाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जब सदन का सत्र खत्म हुआ और पहली बार वंदे मातरम गाया गया, तो माहौल काफी अच्छा था और लोगों में गर्व की भावना दिखाई दी, करण भूषण सिंह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से संभव हुआ और जो लोग इसके खिलाफ बात कर रहे हैं, वे गलत कर रहे हैं, उन्होंने इमरान मसूद पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका उद्देश्य देशहित के मुद्दों पर बात करना नहीं, बल्कि किसी न किसी माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करना है।
अयोध्या के संत के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
अयोध्या के संत परमहंस द्वारा बीजेपी कार्यकर्ता को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर भी करण भूषण सिंह ने प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि संभव है कि संत किसी अलग मनोदशा में रहे हों और इसी वजह से उन्होंने ऐसा बयान दे दिया हो, करण भूषण के मुताबिक, वह सामान्य तौर पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करते हैं।
महिलाओं को आर्थिक मदद के सवाल पर क्या बोले?
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को 50 हजार रुपये दिए जाने के सवाल पर करण भूषण सिंह ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस सरकारों द्वारा किसानों की कर्जमाफी का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जब कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करती थी, तब उसे किस रूप में देखा जाता था, फिलहाल ‘वंदे मातरम’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। करण भूषण सिंह के ताजा बयान के बाद इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव और बढ़ने के संकेत हैं।