ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की 636 पन्नों की चार्जशीट, आखिरी मैसेज से सामने आई अहम कड़ी
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है, चार्जशीट में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है, CBI ने दोनों पर दहेज से जुड़ी प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत गंभीर आरोप लगाए हैं, मामले में CBI की जांच के दौरान कई अहम पहलुओं की पड़ताल की गई, ट्विशा 12 मई 2026 को भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत मिली थीं। इसके बाद मामला काफी चर्चा में रहा और जांच CBI को सौंपी गई।
भाभी को भेजा गया आखिरी मैसेज जांच का अहम हिस्सा
चार्जशीट में ट्विशा की ओर से अपनी भाभी को भेजे गए एक आखिरी मैसेज का भी जिक्र है, रिपोर्ट के मुताबिक, 12 मई की रात करीब 9:36 बजे भेजे गए इस मैसेज में ट्विशा ने अपनी स्थिति को लेकर भावुक बात कही थी, यह डिजिटल मैसेज जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि CBI ने इसे ट्विशा की मानसिक स्थिति और कथित पारिवारिक तनाव को समझने के लिए अहम साक्ष्य के तौर पर देखा है।
पति और सास पर गंभीर आरोप
CBI की चार्जशीट में समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है, रिपोर्टों के अनुसार, दोनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं, दोनों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले में न्यायिक हिरासत भी बढ़ाई जाती रही है, जांच के दौरान CBI ने आरोपियों से जुड़े डिजिटल और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की। एजेंसी ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के वॉयस सैंपल लेने तथा समर्थ के पासवर्ड-सुरक्षित लैपटॉप तक पहुंच की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था।
Also Read – करण भूषण सिंह का इमरान मसूद पर बड़ा हमला! बोले- ‘वह कभी देशहित के लिए…’
घटना का सीन भी रीक्रिएट किया गया
जांच के दौरान CBI ने गिरिबाला सिंह के भोपाल स्थित घर पर घटनाक्रम का रीक्रिएशन भी कराया था, एजेंसी ने करीब 80 किलोग्राम के डमी का इस्तेमाल कर 12 मई की घटनाओं को समझने और आरोपियों के बयानों को उपलब्ध साक्ष्यों से मिलाने की कोशिश की, CBI ने मामले में घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, डिजिटल डिवाइस और घटना के बाद आरोपियों द्वारा किए गए संपर्कों की भी जांच की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर भी उठे थे सवाल
ट्विशा के परिवार ने शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर आपत्ति जताई थी। परिवार की ओर से जांच और पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे, इसके बाद दिल्ली AIIMS की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया, मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, दूसरी पोस्टमार्टम जांच में भी मौत को आत्महत्या के रूप में दर्ज किए जाने की बात सामने आई हालांकि, ट्विशा के परिवार ने CBI की चार्जशीट पर भी असंतोष जताया है और मौत को लेकर अलग दावे किए हैं।
CBI की चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। चार्जशीट में दर्ज आरोपों और साक्ष्यों पर अदालत में आगे सुनवाई होगी, यह ध्यान रखना जरूरी है कि चार्जशीट में लगाए गए आरोप अभी अदालत में साबित होना बाकी हैं और आरोपियों को दोषी ठहराने का अंतिम फैसला न्यायालय ही करेगा, ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की चार्जशीट ने जांच के कई पहलुओं को सामने रखा है, अब अदालत में होने वाली सुनवाई से यह स्पष्ट होगा कि अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए साक्ष्य आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त हैं या नहीं।
इनपुट-पीटीआई