मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में पूर्व की सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के एजेंडे में प्रदेश का विकास नहीं था, बल्कि विकास कुछ लोगों और एक खास सिंडिकेट तक सीमित था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों में सरकारी धन की लूट और माफिया को संरक्षण मिलता था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुआ बदलाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। सरकार ने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों और जवानों के सम्मान व सुविधाओं पर काम किया है।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अव्यवस्था और माफियाराज की स्थिति थी। न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी और न ही आम नागरिक। आज प्रदेश में सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि दंगाई और माफिया अब प्रदेश से गायब हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारें माफिया के सामने घुटने टेकती थीं और उनकी वजह से उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज वही उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार रुपये से बढ़कर करीब 1.20 लाख रुपये हुई है। वहीं प्रदेश का बजट करीब 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश प्रथम की भावना के साथ सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वालों से भी सतर्क रहने की अपील की। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के लिए बहुमंजिला बैरक भवन के शिलान्यास को भी परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार सुविधाओं और सम्मान का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
