योगी दिल्ली पहुंचे, BJP की नई टीम में बड़ा बदलाव! 2027 से पहले यूपी में क्या बदल रहा है?
उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक इस वक्त सियासी घमसान मचा हुवा है। एक तरफ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है, तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अचानक दिल्ली पहुंच गए हैं। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि योगी दिल्ली क्यों पहुंचे हैं… बड़ा सवाल यह है कि क्या 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर यूपी को लेकर रणनीति बदल रही है?क्योंकि एक तरफ नितिन नवीन की नई टीम में उत्तर प्रदेश का दबदबा दिखाई दे रहा है, लेकिन दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद करीबी माने जाने वाले राधा मोहन दास अग्रवाल को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी से बाहर कर दिया गया है।
उनकी जगह स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी जैसे चेहरों को संगठन में अहम जिम्मेदारी मिली है। यहीं से राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या योगी के करीबियों को धीरे-धीरे संगठन में साइडलाइन किया जा रहा है? हालांकि तस्वीर का दूसरा पहलू भी है। उत्तर प्रदेश बीजेपी की कमान अब पंकज चौधरी के हाथों में है और यूपी के चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को दी गई है। नितिन नवीन भी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और मोदी शाह के बेहद करीबी माने जाते हैं। ऐसे में यूपी के संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक एक ऐसी टीम तैयार होती दिखाई दे रही है, जिसकी सीधी नजर 2027 के विधानसभा चुनाव पर है।बीजेपी की राजनीति में एक बात बार-बार कही जाती रही है कि संगठन सरकार से बड़ा होता है। और अब उत्तर प्रदेश में संगठन को जिस तरीके से मजबूत किया जा रहा है, उससे यह बात राजनीतिक तौर पर चर्चा का विषय बन गई है।
लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि खुद नितिन नवीन जब लखनऊ पहुंचे थे, तब उन्होंने साफ कहा था कि 2027 का विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के चेहरे और उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। यानी संगठन में बदलाव अपनी जगह है, लेकिन चुनावी चेहरा योगी ही रहेंगे—कम से कम अभी तक बीजेपी की तरफ से यही स्पष्ट संदेश है। और शायद दिल्ली भी इस सियासी गणित को अच्छी तरह समझती है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी के लिए योगी आदित्यनाथ सिर्फ मुख्यमंत्री नहीं हैं, बल्कि 2027 की चुनावी रणनीति का सबसे बड़ा चेहरा हैं। खासकर ऐसे समय में जब सामान्य वर्ग यानिकि ब्राह्मण क्षत्रिय समाज के भीतर कुछ मुद्दों को लेकर नाराजगी की चर्चा चल रही है। यूजीसी, आरक्षण और संगठन से जुड़े कई मुद्दों को लेकर इन वर्गों में असंतोष की आवाजें उठ रही हैं। आज भी दिल्ली बड़े प्रदर्शन होने की बात कही जा रही है। .सामान्य वर्ग के लोग इस वक्त सड़को पर हुंकार भर रहे है ,, ऐसे में बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि दिल्ली की रणनीति और लखनऊ की राजनीतिक जमीन के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए। क्योंकि यूपी की राजनीति में जातीय समीकरण को नजरअंदाज करना किसी भी दल के लिए आसान नहीं है। ब्राह्मण, क्षत्रिय और दूसरे सामान्य वर्ग के मतदाताओं का प्रभाव बड़ी संख्या में विधानसभा सीटों पर दिखाई देता है। यही वजह है कि 2027 से पहले बीजेपी के सामने संगठन के साथ-साथ सामाजिक समीकरण साधने की चुनौती भी खड़ी है। और इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल्ली दौरा बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। योगी आदित्यनाथ 18 और 19 अगस्त को दिल्ली में रहेंगे। उनकी यात्रा का घोषित उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश और विकास को गति देना है। दिल्ली में मुख्यमंत्री जापानी उद्योगपतियों और निवेशकों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। मकसद साफ है—उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश को बढ़ावा देना और प्रदेश को वैश्विक निवेश के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करना। लेकिन राजनीति में सिर्फ वही नहीं होता जो दिखाई देता है।
दिल्ली में योगी की मौजूदगी के साथ ही राजनीतिक चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। माना जा रहा है कि इस दौरान बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व यानिकि मोदी शाह और नितिन नवीन के साथ मुलाकात और 2027 के चुनाव को लेकर चर्चा होने की भी संभावना है ,,, अगर ऐसी कोई बैठक होती है तो उसमें कई बड़े मुद्दे सामने हो सकते हैं—2027 की चुनावी रणनीति, संगठन और सरकार के बीच तालमेल, जातीय समीकरण, टिकट वितरण और उन वर्गों को दोबारा मजबूती से बीजेपी के साथ जोड़ने की रणनीति, जिनके भीतर नाराजगी की चर्चा चल रही है। यानी सवाल अब यह नहीं है कि दिल्ली और लखनऊ में से किसकी चलेगी। असल सवाल यह है कि 2027 के लिए बीजेपी दोनों की रणनीतियों को कैसे एक साथ लेकर चलेगी। क्योंकि बीजेपी के सामने एक तरफ मजबूत संगठन खड़ा करने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता को चुनावी ताकत में बदलने की चुनौती भी है। और यहां योगी का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट उनकी जमीन पर दिखाई देने वाली लोकप्रियता है।
उत्तर प्रदेश में आज भी योगी आदित्यनाथ की मजबूत राजनीतिक पकड़ दिखाई देती है। जगह-जगह उनके स्वागत, कार्यक्रमों में भीड़ और समर्थकों का उत्साह इस बात का संकेत देता है कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर बीजेपी के पास एक मजबूत चुनावी पूंजी मौजूद है। यही वजह है कि अगर बीजेपी 2027 में यूपी की सत्ता पर दोबारा कब्जा करना चाहती है तो संगठन चाहे जितना बदले, रणनीति चाहे जितनी बदले, लेकिन योगी फैक्टर को नजरअंदाज करना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या दिल्ली यूपी को अपने संगठनात्मक फार्मूले से चलाएगी? या फिर लखनऊ की जमीन, योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता और उनकी चुनावी रणनीति को केंद्र में रखकर 2027 का पूरा सियासी चक्र तैयार किया जाएगा? क्योंकि नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान और उसी वक्त योगी आदित्यनाथ का दिल्ली पहुंचना महज एक संयोग है या 2027 से पहले किसी बड़ी राजनीतिक रणनीति की शुरुआत—इस पर आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होगी। फिलहाल इतना तय है कि उत्तर प्रदेश 2027 की सबसे बड़ी राजनीतिक प्रयोगशाला बन चुका है और बीजेपी इस बार कोई भी गलती करने के मूड में नहीं है।
