बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन से भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार
Weather Update: बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना डिप्रेशन अब मौसम पर असर डाल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, 18 अगस्त को झारखंड में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। वहीं बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 और 19 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आंधी और तेज हवाओं का भी अनुमान
बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। झारखंड में हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में झोंकों के साथ रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में समुद्र रहेगा अशांत
IMD ने उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश, ओडिशा तथा उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों के आसपास समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की चेतावनी दी है। मछुआरों को 19 अगस्त की सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
यूपी में भी बारिश का असर
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 18 और 19 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी यूपी में भी 18 अगस्त को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
