Manav Suthar of India celebrates the wicket of Lahiru Udara of Sri Lanka during Day 4 of the 1st Test match between Sri Lanka and India at the Galle International Stadium, Galle, Sri Lanka, on August 18, 2026. Photo by Pankaj Nangia / CREIMAS for BCCI
गॉल टेस्ट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने मेजबान टीम के सामने 372 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 206 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत की जीत के हीरो युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने पूरे मुकाबले में 10 विकेट झटके। दूसरी पारी में उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका के आखिरी चार विकेट महज 7 रन के भीतर हासिल कर भारत की जीत पक्की कर दी।
भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन की बड़ी पारी खेली। उनके अलावा केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या ने चार, खेसारा नुवांथा ने तीन और असिथा फर्नांडो ने दो विकेट लिए। भारत के 462 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर खत्म हुई। सोनल दिनुश्का ने 100 रन की पारी खेली, जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाए। भारत के लिए मानव सुथार ने चार और रविंद्र जडेजा ने तीन विकेट झटके।
भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसी दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना 100वां छक्का भी लगाया। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने चार, प्रभात जयसूर्या ने तीन और कुमारा ने दो विकेट लिए। 372 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम चौथे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 84 रन बना चुकी थी। पांचवें दिन धनंजय डी सिल्वा और सोनल दिनुश्का ने कुछ समय तक भारतीय गेंदबाजों का सामना किया, लेकिन रविंद्र जडेजा ने साझेदारी तोड़कर भारत को वापसी दिलाई।
इसके बाद मानव सुथार ने गेंद से कहर बरपाया। उन्होंने 76वें ओवर में तीन विकेट और 78वें ओवर में एक विकेट लेकर श्रीलंका के आखिरी चार बल्लेबाजों को सिर्फ 7 रन के भीतर पवेलियन भेज दिया। श्रीलंका की पूरी टीम 206 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 165 रन से अपने नाम कर लिया। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।