नई दिल्ली, 19 अगस्त। यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख कंपनियों के सीईओ और बिजनेस लीडर्स के साथ राउंड टेबल मीटिंग की। सीएम योगी ने निवेशकों का उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति उत्साह के लिए आभार जताते हुए उन्हें प्रदेश में औद्योगिक और कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 360 डिग्री का व्यापक बदलाव हुआ है। कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार के चलते यूपी आज देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में शामिल हो रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को हर स्तर पर पूरा सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेशकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इन्वेस्टमेंट मीट के दौरान उद्योग जगत से मिले सुझावों और अपेक्षाओं पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ी संख्या में युवा मानव संसाधन है। सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप स्किलिंग और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को प्रशिक्षित और सक्षम मैनपावर उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यूपी में बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल्ड मैनपावर और निवेश अनुकूल नीतियों पर लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य निवेश की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जो कहती है उसे धरातल पर उतारती है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक माहौल तक में बड़ा परिवर्तन हुआ है।
मुख्यमंत्री ने यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट को उद्योग जगत और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में बढ़ती निवेशकों की रुचि से नए निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी। सीएम योगी ने जापानी कंपनियों और अन्य निवेशकों से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया