लखनऊ, 26 अगस्त। उत्तर प्रदेश में मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में योगी सरकार आज एक बड़ी पहल शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं को फल, मिठाई और साड़ी भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इस योजना से प्रदेश की करीब 88 हजार से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन के लिए बेहतर आवागमन का अवसर देना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके बाद अपने सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पूर्वी उत्तर प्रदेश के 21 और बुंदेलखंड के 7 जिलों में कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए विशेष पहल की शुरुआत होगी। विश्व बैंक वित्तपोषित यूपी-एग्रीज परियोजना के तहत कृषि क्षेत्र को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाएंगे। इसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर कृषि सेवाओं और एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है।
सरकार का जोर कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार के जरिए उत्पादकता बढ़ाने, किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी आय में वृद्धि करने पर है। आज होने वाले कार्यक्रम में इन दोनों प्रमुख पहलों के जरिए एक ओर जहां बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सौगात मिलेगी, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए डिजिटल और आधुनिक कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा।
