उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं और बेटियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा चुनावी ऐलान किया है। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की मौजूदगी में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लाने की घोषणा की गई। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर इस योजना के तहत महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसमें हर साल बढ़ोतरी का प्रावधान होगा।सपा सांसद डिंपल यादव ने योजना को महिला सशक्तिकरण से जोड़ते हुए कहा कि मोबाइल, लैपटॉप, आर्थिक मदद, पाठशाला और प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीडीए में ‘ए’ का मतलब आधी आबादी है और महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना सपा की प्राथमिकता है। योजना के तहत इंटरमीडिएट पास करने वाली हर छात्रा को लैपटॉप देने का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही छात्राओं की आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी के आवेदन में भी मदद देने की बात कही गई है। सरकारी स्कूलों में छात्राओं की पूरी फीस माफ करने और निजी स्कूलों में आधी फीस करने का भी वादा सपा की ओर से किया गया है।सपा ने छात्राओं के लिए स्कूलों में शुद्ध पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है। वहीं महिलाओं के लिए सरकारी और निजी संस्थानों में हर महीने दो दिन का अवकाश देने तथा प्रत्येक सरकारी और निजी कार्यालय में महिला शौचालय अनिवार्य करने का ऐलान किया गया है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी सपा ने अपनी पुरानी 1090 पावर लाइन को फिर से मजबूत करने की बात कही है। इसके अलावा हर निराश्रित महिला के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने का वादा किया गया है।

सपा ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़ा दावा किया है। पार्टी ने प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार से ज्यादा स्कूलों को दोबारा खोलने की बात कही है। सपा के मुताबिक किसी स्कूल में सिर्फ एक छात्र ही क्यों न पढ़ता हो, उसे भी बंद नहीं किया जाएगा।प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिंपल यादव ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर बच्चों ने सत्ता के घमंड को चूर करने का काम किया और कहा कि सब मिलकर भाजपा को हराया जा सकता है। उन्होंने सपा को जरूरत के मुताबिक राजनीतिक भूमिका निभाने के लिए तैयार बताया।सपा का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब प्रदेश की सियासत में महिलाओं को लेकर योजनाओं और वादों की होड़ तेज हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से ‘लोकनाट्य अहिल्याबाई योजना’ शुरू की गई है, जबकि भाजपा सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा देने का फैसला किया है।ऐसे में सपा का हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, छात्राओं को लैपटॉप, फीस में राहत और महिला सुरक्षा से जुड़े वादे सीधे तौर पर महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति के तौर पर देखे जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले आधी आबादी के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सपा ने एक साथ आर्थिक मदद, शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और सुविधाओं का बड़ा एजेंडा सामने रखा है।अब देखना होगा कि सपा की ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का यह ऐलान महिला मतदाताओं के बीच कितना असर छोड़ता है और 2027 के चुनावी रण में भाजपा की महिला-केंद्रित योजनाओं के मुकाबले सपा का यह दांव कितना प्रभावी साबित होता है।
