Oplus_16908288
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का फील्ड में जाकर जायजा लेने और जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएम योगी ने अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का सर्वे पूरा कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहें और उन्हें हर संभव मदद सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है, वहां लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।
सीएम योगी ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा है। उन्होंने प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सहायता समय से पहुंचाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें। अतिवृष्टि के दौरान नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के पास जाने या उनमें स्नान करने से बचें।
मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रशासन और स्थानीय स्तर पर जारी किए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और सावधानी से दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
