लखनऊ: नेपाल में आई बाढ़ और प्राकृतिक त्रासदी के बीच फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए योगी सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश से SDRF की एक प्लाटून नेपाल भेजी गई है, जिसमें 32 जवान शामिल हैं। इसके अलावा PAC की 26वीं बटालियन के 22 जवानों को भी नेपाल भेजा गया है। राहत और बचाव अभियान के लिए मौके पर चार रबर बोट मौजूद हैं। वहीं, अतिरिक्त SDRF प्लाटून के साथ एल्युमिनियम बोट भी नेपाल भेजी जा रही है। नेपाल के सिंधुरिया क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान की तैयारियां की जा रही हैं।
नेपाल में फंसे यूपी के लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों के परिजन सहायता के लिए 1070 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से इस संबंध में सूचना जारी की गई है। लखनऊ स्थित राहत आयुक्त कार्यालय के कंट्रोल रूम से नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों की ओर से नेपाल में आई बाढ़ और प्राकृतिक त्रासदी को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
करीब 12 यूपी के नागरिक फंसे, एक का रेस्क्यू
जानकारी के मुताबिक, नेपाल की त्रासदी में उत्तर प्रदेश के करीब 12 नागरिक फंस गए थे। इनमें से एक व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। राहत आयुक्त अधिकारी हिरकेश यशोद ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पूरे प्रदेश को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कंट्रोल रूम के माध्यम से हालात की लगातार जानकारी ले रहे हैं। सीमावर्ती जिलों में भी प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी-बिहार में भी बढ़ी सतर्कता
नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में भी नदियों के जलस्तर को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सके।
