शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम गोली मारकर हत्या के बाद सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर हत्या किए जाने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। उन्होंने मृतक की मां द्वारा बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर शोक जताने की घटना को भी हृदयविदारक बताया। सपा प्रमुख ने कहा कि जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने दावा किया कि यूपी का जाट समुदाय इस घटना को अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। साथ ही हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है।
जिम से निकलते समय हुई हत्या
जानकारी के मुताबिक, शामली जिले के बंटीखेड़ा निवासी गायक अंकित बालियान जिम करने गए थे। जिम से बाहर निकलते समय दो बाइक पर आए चार हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे मिली थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि चार आरोपी दो बाइक से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से दो-तीन खोखे भी मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
