बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा विधायक रहे उमाशंकर सिंह के निधन के बाद रक्षाबंधन के मौके पर उनकी बेटे युकेश सिंह ने अपने पिता और बसपा सुप्रीमो मायावती की एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर भावुक संदेश लिखा। तस्वीर में मायावती, उमाशंकर सिंह को राखी बांधती नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ युकेश सिंह ने लिखा, “एक ऐसा बंधन, एक ऐसा रिश्ता जो कभी टूट नहीं सकता।”
दरअसल, उमाशंकर सिंह का बीते दिनों लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उनके लखनऊ स्थित आवास पर बसपा सुप्रीमो मायावती पहुंची थीं और उन्होंने उमाशंकर सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए थे। इस दौरान मायावती ने उमाशंकर सिंह के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए कहा था कि उनके जीवन में भाई तो कई बने, लेकिन उमाशंकर सिंह ने आखिरी समय तक उनका साथ नहीं छोड़ा।
मायावती ने उस दौरान रक्षाबंधन का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि उमाशंकर सिंह रक्षाबंधन के अवसर पर उनसे राखी बंधवाने आया करते थे। वही आज रक्षाबंधन के दिन उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश की ओर से साझा की गई यह तस्वीर दोनों के रिश्ते की आत्मीयता को एक बार फिर सामने ले आई है।
तस्वीर में मायावती को उमाशंकर सिंह की कलाई पर राखी बांधते हुए देखा जा सकता है। पिता के निधन के बाद उनके बेट द्वारा रक्षाबंधन के मौके पर इस याद को साझा करना भावुक करने वाला है।
