लखनऊ, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास का माहौल उस समय भावुक और आत्मीय हो उठा, जब स्कूली बेटियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कलाई पर राखी बांधकर स्नेह और विश्वास की डोर मजबूत की। ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भी बेटियों को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलंबन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास का पूरा वातावरण पारिवारिक अपनत्व और स्नेह से भर गया। बच्चियों के चेहरों पर मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास और उत्साह साफ दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहनों और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बच्चियों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटियां केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की भी ताकत हैं। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति और तंजीम फातिमा समेत छात्राओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी सभी बच्चियों को आशीर्वाद और उपहार दिए। राखी के इस पवित्र धागे में जहां बेटियों का स्नेह और विश्वास दिखाई दिया, वहीं मुख्यमंत्री की ओर से उनकी सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के प्रति संकल्प का भाव भी नजर आया।
‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज और लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक राजाजीपुरम समेत कई विद्यालयों की छात्राएं शामिल हुईं।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं के साथ सहज अंदाज में बातचीत की। शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि वर्मा, आयशा बानो, वैष्णवी पाल, दिव्या, अभिलाषा सिंह, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही, याशिका, अनंशी और सुकैना समेत कई छात्राओं ने मुख्यमंत्री से संवाद किया और उनसे सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने बच्चियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर की कक्षा आठ की छात्रा नंदिनी ने अपने हाथों से बनाया रक्षाबंधन बधाई कार्ड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कार्ड को आत्मीयता से स्वीकार किया और नंदिनी का उत्साहवर्धन किया। वहीं, संस्कृति स्कूल की छात्रा अनायसा भार्गव को मुख्यमंत्री ने ऑटोग्राफ भी दिया।
मुख्यमंत्री ने बच्चियों के साथ सेल्फी ली और फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी परिवार’ की वालंटियर्स ने भी मुख्यमंत्री को राखी भेजकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने स्नेह और विश्वास के पारंपरिक रिश्ते को बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संकल्प से जोड़ दिया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित यह कार्यक्रम बेटियों के प्रति अपनत्व और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का भावनात्मक संदेश देता नजर आया।
