देशभर के चयनित 20 विद्यालयों में यूपी के बुलंदशहर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का चयन
लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की बेटियों को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से मिलने का गौरवपूर्ण अवसर मिला। जनपद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की पांच छात्राओं और एक खेल शिक्षिका ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से हुई मुलाकात छात्राओं के लिए बेहद खास और यादगार रही। इस अवसर ने न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया, बल्कि उन्हें यह संदेश भी दिया कि मेहनत, प्रतिभा और लगन के दम पर बेटियां किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं।
देश के 20 चयनित विद्यालयों में यूपी से बुलंदशहर का चयन
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के तहत देशभर के 20 चयनित विद्यालयों में उत्तर प्रदेश से बुलंदशहर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को शामिल किया गया।
प्रदेश से बुलंदशहर का चयन होना जिले के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय रहा।
इन पांच छात्राओं को मिला राष्ट्रपति भवन जाने का अवसर
इस विशेष अवसर के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अनूपशहर की छात्रा तमन्ना, लखावटी की प्रियांशी, बुलंदशहर नगर की प्राची और सोनी तथा गुलावठी की चेतना का चयन किया गया।
इन छात्राओं के साथ टीम लीडर के रूप में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बुलंदशहर ग्रामीण की खेल शिक्षिका मिली अस्थाना भी शामिल रहीं।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने दी बधाई
प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने चयनित छात्राओं और खेल शिक्षिका को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बेटियों को केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के लिए लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के माध्यम से विशेष रूप से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है। चयनित छात्राओं की उपलब्धि प्रदेश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।
राष्ट्रपति भवन की यात्रा से बढ़ा आत्मविश्वास
अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं की सहभागिता से उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन की यात्रा और राष्ट्रपति से मुलाकात छात्राओं के शैक्षिक और व्यक्तिगत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव साबित होगी।
जिलाधिकारी ने बताया गौरव का क्षण
बुलंदशहर के जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर जिले की बेटियों को राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलना पूरे जनपद के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि बुलंदशहर की बेटियां शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं। जिलाधिकारी ने चयनित छात्राओं और खेल शिक्षिका को शुभकामनाएं दीं।
हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए किया गया था रवाना
चयनित छात्राओं और खेल शिक्षिका को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह तथा जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) ऋचा राणा ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र बुलंदशहर से हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया था।
इस दौरान विद्यालय की वार्डन, स्टाफ और अन्य छात्राएं मौजूद रहीं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिभागियों के स्थानीय परिवहन, भोजन और आवास की आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
28 अगस्त को राष्ट्रपति से हुई मुलाकात
नई दिल्ली पहुंचने के बाद 28 अगस्त को छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति से मिलने के बाद छात्राएं बेहद उत्साहित और अभिभूत नजर आईं।
उनके लिए यह अनुभव जीवन के यादगार पलों में शामिल हो गया।
ग्रामीण बेटियों के लिए बड़ी प्रेरणा
राष्ट्रपति से मुलाकात ने ग्रामीण और वंचित वर्ग की बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। यह अवसर उन्हें यह विश्वास दिलाने वाला रहा कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और प्रतिभा के दम पर वे देश के सर्वोच्च स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।
बुलंदशहर की इन बेटियों का राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना न सिर्फ उनके परिवार और विद्यालय के लिए बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गया है।
