लखनऊ, 30 अगस्त। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि शहर में हुए विकास में सीएम योगी का सबसे बड़ा सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा, उसे पूरा किया और लखनऊ के विकास से जुड़े हर कार्य में दिल खोलकर सहयोग किया। केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होने पर विकास की गति स्वाभाविक रूप से कई गुना बढ़ जाती है। रक्षा मंत्री रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ लखनऊ छावनी में करीब 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर विकास की गति को आगे बढ़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के मंच पर भारत की आवाज को गंभीरता से सुना जाता है। विकसित भारत का अर्थ केवल बड़े प्रोजेक्ट और आधुनिक इमारतें नहीं हैं, बल्कि ऐसा भारत बनाना है जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, हर परिवार तक स्वच्छ पानी पहुंचे, युवाओं को खेल और प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलें और दिव्यांग बच्चों को भी समान अवसर उपलब्ध हों। विकसित भारत की यात्रा बड़े शहरों से शुरू होकर हर मोहल्ले, बस्ती और परिवार तक पहुंचनी चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा कि समय के साथ शहरों और लोगों की जरूरतें बदलती हैं, इसलिए नियमों में भी बदलाव आवश्यक है। लखनऊ समेत छावनी क्षेत्रों में नई व्यवस्था लागू की गई है। पहले जहां तीन मंजिल तक निर्माण की अनुमति थी, अब पांच मंजिल तक निर्माण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ छावनी अपनी ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ आगे बढ़ेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि बदलाव केवल इमारतों में नहीं, बल्कि पहचान में भी दिखाई देना चाहिए। लखनऊ छावनी में ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े व्यक्तित्वों के नाम पर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे छावनी की ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना को नई पहचान मिलेगी। रक्षामंत्री ने कहा कि करीब 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास परियोजनाएं केवल परियोजनाएं नहीं, बल्कि लखनऊ कैंट के बेहतर भविष्य के 12 संकल्प हैं। इनके जरिए स्वच्छ और सुंदर छावनी, बेहतर जलापूर्ति, बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं, युवाओं को खेल और प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर, सम्मानजनक नागरिक सुविधाएं और आधुनिक तकनीक से लैस छावनी के विकास का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
